लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौक क्षेत्र स्थित टेढ़ी बाजार में शुक्रवार देर रात एक मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में रखी पूजा सामग्री आग की चपेट में आने से तेजी से जलने लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठते घने काले धुएं को देखकर स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती प्रयासों के बावजूद आग की लपटें लगातार बढ़ती रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज, आलमबाग और बीकेटी फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
छह दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। आग की भयावहता को देखते हुए कुल छह दमकल गाड़ियों की मदद ली गई। फायर फाइटर्स ने करीब दो घंटे तक लगातार मेहनत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आसपास की दुकानों को बचाया, कोई जनहानि नहीं
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों ने आसपास की दुकानों और उनमें रखे सामान को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिए जाने से आसपास की दुकानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना शनिवार रात करीब 11:10 बजे कंट्रोल रूम को मिली थी। घटना सुभाष मार्ग स्थित टेढ़ी बाजार, रकाबगंज की है, जहां प्रतीक नामक व्यक्ति के मकान के बेसमेंट में पूजा सामग्री का गोदाम बना हुआ था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। विभाग की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
News Wani
