लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरवा गांव के पास बारात से लौट रही मारुति ओमिनी वैन की सामने से आ रही होंडा सिटी कार से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में वैन चालक समेत आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वैन में सवार लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईयां मदारपुर गांव लौट रहे थे। शनिवार रात करीब एक बजे जब उनकी वैन मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही होंडा सिटी कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
वैन चालक और आठ वर्षीय बच्ची की मौत
हादसे में वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार (20), निवासी ऊंचा द्वार, हसनगंज, उन्नाव और आठ वर्षीय प्रिया की मौत हो गई। प्रिया कक्षा पांच की छात्रा थी। वह पिछले तीन दिनों से अपनी मां के साथ ननिहाल कुईयां मदारपुर में रह रही थी और शादी समारोह में शामिल होने आई थी।
दुर्घटना में प्रिया की मां दयावती (30), आशिक (16), सरोज कुमारी (30), आनंद और दीपांशी (17) घायल हो गए। इनमें दयावती की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलिहाबाद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेज दिए गए।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक, तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद होंडा सिटी कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
