Breaking News

पीएम मोदी के लखनऊ दौरे से पहले जलकल कार्यालयों में लगे विरोधी पोस्टर, स्वेज इंडिया पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित लखनऊ दौरे से पहले शहर में सीवर व्यवस्था को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। गोमतीनगर के विवेक खंड और विभव खंड स्थित जलकल विभाग के कार्यालयों में अज्ञात लोगों ने स्वेज इंडिया कंपनी के खिलाफ पोस्टर लगा दिए। पोस्टरों के जरिए कंपनी पर भ्रष्टाचार, मनमानी और कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की गई है।

पोस्टरों पर लिखा है कि स्वेज इंडिया का भ्रष्टाचार और तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कंपनी से योगी सरकार को बदनाम न करने और अपने काम पर ध्यान देने की अपील की गई है। पोस्टरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समर्थन में नारे भी लिखे गए हैं।

सीवर समस्या से परेशान लोगों ने जताया विरोध

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात जलकल विभाग के कार्यालयों में ये पोस्टर लगाए गए। हालांकि, पोस्टर किसने लगाए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से बनी सीवर समस्या और शिकायतों का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने यह कदम उठाया है।

पोस्टरों में सीवर की सफाई नहीं होने पर सीवर टैक्स नहीं देने की बात भी कही गई है। आरोप है कि स्थानीय लोग लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो रहा है। वहीं, विभाग की ओर से टैक्स जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने भी कंपनी के कामकाज पर उठाए सवाल

जोन-4 में सीवर व्यवस्था को लेकर स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी है। पूर्व पार्षद एवं रफी अहमद किदवई वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि रामकृष्ण यादव का आरोप है कि आईजीआरएस, पार्षद कार्यालय और आम जनता से मिलने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कंपनी की कार्यप्रणाली से क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चिनहट द्वितीय के पार्षद शैलेन्द्र वर्मा ने कहा कि जब समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो जनता में नाराजगी स्वाभाविक है। वास्तु खंड, सेंट मैरी स्कूल और विजयंत खंड सहित कई इलाकों में महीनों से सीवर की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

पार्षदों ने धरने की दी चेतावनी

पार्षद अरुण तिवारी ने स्वेज इंडिया के कामकाज पर असंतोष जताते हुए कहा कि एलडीए की ओर से विकसित कॉलोनियों में पिछले तीन वर्षों से शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि कंपनी का काम संतोषजनक नहीं है और पहले जलकल विभाग की व्यवस्था बेहतर थी।

पेपर मिल कॉलोनी वार्ड के पार्षद राजेश सिंह गब्बर ने भी कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्वेज इंडिया के खिलाफ सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने कंपनी के खिलाफ धरना देने की बात भी कही।

वहीं, पार्षद संजय राठौर ने बताया कि गोमतीनगर रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते सहित कई स्थानों पर सीवर बहने की समस्या बनी हुई है। वीवीआईपी क्षेत्र होने के बावजूद शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। कंपनी के जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

जलकल और कंपनी प्रबंधन ने दी प्रतिक्रिया

जलकल विभाग के जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें कार्यालयों में पोस्टर लगाए जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।

स्वेज इंडिया के कम्युनिकेशन हेड अक्षय सक्सेना ने कहा कि संबंधित नारे लगाए गए हैं, लेकिन इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि जोन-4 की टीम क्षेत्र में सीवर से जुड़े कार्यों को संपादित कर रही है।

प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले सीवर व्यवस्था को लेकर सामने आए इस विरोध ने नगर निगम और संबंधित कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान कब तक करा पाते हैं।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में बीआर्क की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में बीआर्क की 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *