Breaking News

बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग तेज, शिक्षाविदों ने एकजुट होकर उठाई आवाज

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बुंदेलखंड क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांदा के झलकारी बाई सभागार में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन महाविद्यालय की प्राचार्य एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. दीपाली गुप्ता तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (बूटा) के अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह परिहार ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी का संचालन डॉ. जयंती सिंह ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्रकूटधाम मंडल के सह-आयुक्त पंकज कुमार ने बुंदेलखंड की शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्र है, लेकिन उच्च शिक्षा के पर्याप्त संस्थान उपलब्ध न होने के कारण यहां के विद्यार्थियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य वक्ता प्रो. एचआर मिश्रा ने कहा कि बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना अब समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना से बुंदेलखंड की ऐतिहासिक विरासत, लोकसंस्कृति, साहित्य, कला और पुरातत्व से जुड़े विषयों पर उच्चस्तरीय शोध को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और अकादमिक उन्नति के नए रास्ते खुलेंगे।

जलपुरुष एवं पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग को शासन और संबंधित अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं बूटा अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह परिहार ने कहा कि यह मांग केवल शिक्षक समुदाय की नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड की शैक्षिक आकांक्षाओं और जनभावनाओं से जुड़ी हुई है। इसके लिए संगठित और निरंतर प्रयास किए जाने की जरूरत है।

इस दौरान सह-आयुक्त पंकज कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा पखवाड़े (16 से 30 नवंबर 2026) के तहत उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। समाजसेविका एवं पूर्व प्रोफेसर सबीहा रहमानी ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, शोध के अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने से विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. दीपाली गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों, प्राध्यापकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक विकास से जुड़ी हुई है।

कार्यक्रम में पं. जेएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीएन कुशवाहा, प्रो. जितेंद्र कुमार, डॉ. माया वर्मा, डॉ. जय कुमार चौरसिया, डॉ. जय प्रकाश सिंह, शशि भूषण मिश्र, डॉ. अंकिता तिवारी, डॉ. सपना सिंह, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. शिव कुमार गुप्ता, डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, डॉ. आलोक कुमार भारद्वाज, डॉ. विनय कुमार पटेल, डॉ. मोहम्मद अफजल, डॉ. राम नरेश, डॉ. आदित्य प्रताप सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, पदाधिकारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज की तैयारियां तेज, प्रशासन ने विभागों के साथ बनाई रणनीति

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। आगामी 22 नवंबर 2026 को प्रस्तावित ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज को सफलतापूर्वक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *