लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही एक कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। दोनों भारी वाहनों के बीच फंसने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन निवासी अधिवक्ता राजेश सिंह की पत्नी गीता अपनी बेटी समीक्षा और पड़ोसी शिखर, उनकी पत्नी सुकृति तथा मां आशा के साथ मोहनलालगंज स्थित शिवगढ़ रिसॉर्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। गुरुवार रात करीब पौने 12 बजे सभी कार से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि हरिकंशगढ़ी के पास पहुंचने पर कार के सामने अचानक डंपर आ गया। इससे चालक शिखर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और कार डंपर से टकरा गई। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसी गीता, शिखर, सुकृति और आशा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कार के पिछले हिस्से में फंसी समीक्षा को निकालने में काफी कठिनाई हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और ट्रॉमा सेंटर-2 पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल चारों लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीएनजी सिलेंडर को लेकर बनी रही चिंता
हादसे का शिकार हुई कार सीएनजी से संचालित थी। ऐसे में बचाव कार्य के दौरान सिलेंडर को लेकर भी सतर्कता बरती गई। समीक्षा को बाहर निकालने के बाद एहतियात के तौर पर कार से सीएनजी सिलेंडर अलग कर दिया गया।
डंपर चालक फरार, ट्रक पुलिस के कब्जे में
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारी वाहनों की आवाजाही पर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अल्ट्राटेक गिट्टी प्लांट से निकलने वाले भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई। लोगों का आरोप है कि प्लांट से ट्रक और डंपर कई बार गलत दिशा में तेज रफ्तार से हाईवे पर निकलते हैं। इसके अलावा भारी वाहनों के कारण सड़क पर धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। स्थानीय लोगों ने इस व्यवस्था पर ध्यान देने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
बताया गया कि समीक्षा मुंबई में जियो कंपनी में कार्यरत थी और उसने हैदराबाद से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी। वह दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी। इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।
News Wani
