लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में बीआर्क की 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा अशरफ विहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट में अपनी दो सहेलियों के साथ किराए के फ्लैट में रहती थी। घटना के बाद परिवार ने मौत को लेकर सवाल उठाए हैं और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब आठ बजे शिवानी की सहेली रिया मिश्रा नौकरी से फ्लैट पहुंची। उस समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपार्टमेंट के गार्ड की मदद ली। अंदर पहुंचने पर शिवानी कमरे में बेहोशी की हालत में मिली।
इसके बाद सहेली ने अपने परिचित अभिषेक चौधरी को सूचना दी और छात्रा को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे की जांच में मिले अहम साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने पर चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की जांच कराई। पुलिस को कमरे में पंखे से लटका दुपट्टा मिला। इसके अलावा छात्रा की डायरी में एक पुराना सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने संबंधित साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और गार्ड से पूछताछ
पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सुरक्षा गार्ड और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई है। शुरुआती जांच में फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।
वहीं, शिवानी के पिता ने बेटी की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने चिनहट थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है।
चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायत में बताए गए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
News Wani
