Breaking News

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को सेंसर बोर्ड की हरी झंडी, 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेकर्स ने इसे 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है।

सेंसर बोर्ड के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय ने बुधवार को फिल्म को प्रमाणपत्र जारी किया। प्रमाणन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 34 मिनट और 12 सेकंड है। इसे हिंदी भाषा की श्रेणी में मंजूरी मिली है। फिल्म का निर्माण सलमान खान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।

सैनिकों के संघर्ष और परिवार की भावनाओं पर आधारित है कहानी

फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे सैनिक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देश की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ अपने परिवार के प्रति कर्तव्यों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। इसमें युद्ध के हालात के साथ सैनिकों और उनके परिवारों के भावनात्मक संघर्ष को भी दिखाया जाएगा।

पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था फिल्म का नाम

फिल्म की शुरुआती घोषणा ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से की गई थी। शुरुआत में इसे गलवान घाटी की घटना और भारतीय सेना के एक अधिकारी से प्रेरित बताया जा रहा था। हालांकि, सलमान खान ने स्पष्ट किया था कि यह किसी एक सैनिक की बायोपिक नहीं है, बल्कि युद्ध के दौरान सैनिकों के जीवन और उनके परिवारों की चुनौतियों पर आधारित कहानी है।

मार्च 2026 में निर्माताओं ने फिल्म का नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया था। इसके बाद फिल्म के विषय और नाम को लेकर काफी चर्चा हुई।

रिलीज में देरी की वजह भी बताई थी सलमान ने

फिल्म की रिलीज पहले ईद 2026 के अवसर पर प्रस्तावित थी। इसके बाद अगस्त, 20 नवंबर और अंत में 4 दिसंबर की तारीख तय की गई। सलमान खान ने रिलीज में देरी के पीछे मुख्य रूप से दो वजहें बताई थीं।

पहली वजह फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) को बेहतर बनाना था। निर्माताओं का उद्देश्य था कि फिल्म के दृश्य दर्शकों की उम्मीदों के अनुरूप हों। दूसरी वजह चित्रांगदा सिंह की चोट थी। चोट के कारण उन्हें आराम और फिजियोथेरेपी की जरूरत पड़ी, जिससे शूटिंग का कार्यक्रम प्रभावित हुआ।

कई कलाकार निभाएंगे अहम किरदार

फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह के अलावा अंकुर भाटिया, हीरा सोहल, दयाशंकर पांडे, जैसन थाम, अभिलाष चौधरी, विपिन भारद्वाज, समर गिल, तेनजिन बोथ, तान्या देसाई, जेन शॉ और अभिश्री सेन भी नजर आएंगे।

फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले हुआ है, जबकि सिनेमाघरों में वितरण की जिम्मेदारी जियो स्टूडियोज संभालेगा। अब दर्शकों को 4 दिसंबर को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

About NW-Editor

Check Also

अमिताभ बच्चन की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल, लगातार धमकियों के बीच बोले- ‘बच गए’; घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों लगातार मिल रही धमकियों को लेकर चर्चा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *