बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों लगातार मिल रही धमकियों को लेकर चर्चा में हैं। उनके मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट साझा की, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर सिर्फ ‘सर्वाइव्ड’ यानी ‘बच गए’ लिखा। उनकी इस पोस्ट को हालिया घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
रविवार को अमिताभ बच्चन अपने नियमित संडे दर्शन के लिए बंगले के मुख्य गेट पर पहुंचे। इस दौरान उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे सतर्क नजर आए।
एक महीने में तीन बार मिली बंगले को उड़ाने की धमकी
मुंबई पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। ईमेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर सहित कुछ तारीखों का उल्लेख किया गया था। इससे पहले 6 नवंबर और 23 अक्टूबर को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
घर पर फायरिंग की साजिश में दो आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच अमिताभ बच्चन के आवास पर फायरिंग की साजिश रचने के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े उनके कथित बयान को लेकर निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही इस तरह का बयान देने से इनकार कर चुके हैं।
फिलहाल लगातार मिल रही धमकियों और फायरिंग की साजिश के खुलासे के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
News Wani
