कानपुर। शहर में चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। किदवई नगर और गुजैनी क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग मकानों को निशाना बनाते हुए करीब 17.50 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। एक वारदात में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि घर में घुसे चोरों ने इत्मीनान से तलाशी लेने के दौरान चाय बनाकर पी और पानी भी इस्तेमाल किया। दूसरी घटना में परिवार के सदस्यों को नशीला स्प्रे सुंघाकर चोरी किए जाने की आशंका जताई गई है।
शादी में गया था परिवार, पीछे से टूट गया घर का ताला
किदवई नगर की जूही लाल कॉलोनी निवासी जाहिद अली कबाड़ का कारोबार करते हैं। वह आठ नवंबर को अपने परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने बलरामपुर गए थे। 13 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।
जांच करने पर पता चला कि पत्नी की अलमारी में रखे 45 हजार रुपये नकद और करीब 14.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। इसके अलावा चोर गैस सिलेंडर समेत अन्य कीमती सामान भी ले गए। परिवार के मुताबिक, चोरों ने घर के प्रत्येक कमरे और अलमारी को खंगाला। वारदात के दौरान उन्होंने फ्रिज से पानी निकाला और रसोई में चाय बनाकर भी पी।
पहले भी हो चुकी है लाखों की चोरी
इसी कॉलोनी में इससे पहले रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक अखलाक अहमद के बंद मकान में भी चोरी की घटना हुई थी। वह परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने सुल्तानपुर गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने घर से नकदी और जेवर समेत करीब 25 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। लगातार हो रही घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गुजैनी में परिवार को बेहोश कर चोरी की आशंका
दूसरी घटना गुजैनी के बिहारीपुरवा स्थित नरायनपुरम की है। यहां रहने वाले अरुण तिवारी निजी क्षेत्र में काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी रूबी, दो बच्चे और पिता कमलेश हैं। अरुण ने बताया कि शुक्रवार को डेंगू के उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
शनिवार रात करीब एक बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए। इसी दौरान चोर पड़ोस के निर्माणाधीन मकान के रास्ते घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि चोरों ने 10 हजार रुपये नकद, पत्नी की सोने की चेन, अंगूठी और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
सुबह जागने पर पत्नी और पिता ने सिर में भारीपन महसूस होने की बात कही। परिवार को आशंका है कि चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
News Wani
