कानपुर। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी के बीच कानपुर में आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की चुनौती बढ़ा दी। शहर में महज 24 घंटे के भीतर अलग-अलग 31 स्थानों पर आग लगने की सूचनाएं मिलीं। इन घटनाओं में मकान, दुकानें, फैक्ट्रियां, वाहन और कूड़े के ढेर आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि किसी भी अग्निकांड में जनहानि नहीं हुई।
दीपावली के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने पहले से ही विशेष तैयारियां की थीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में जिले के सभी 11 अग्निशमन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया था। दमकलकर्मियों की मुस्तैदी के चलते सभी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई की गई।
श्याम नगर की गद्दा फैक्ट्री में लगी भीषण आग
दीपावली की रात चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित 265-B में गद्दा और तकिया बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री में आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
इसके अलावा बर्रा-8 स्थित सरदार जी मोबाइल शॉप में भी आग लगने की सूचना मिली। फजलगंज, नौबस्ता, किदवई नगर और गोविंद नगर समेत कई इलाकों में मकानों, दुकानों और कूड़े के ढेरों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
DCM, बाइक और कार भी आग की चपेट में आए
शहर के अलग-अलग हिस्सों में वाहनों में आग लगने की घटनाओं ने भी दमकल विभाग को व्यस्त रखा। किदवई नगर में साउथ एक्स मॉल के पास एक DCM में आग लग गई। वहीं, बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के किदवई नगर बाईपास रोड स्थित बांस वाली गली में एक बाइक आग की चपेट में आ गई।
नौबस्ता, महाराजपुर, पनकी और बिठूर समेत अन्य क्षेत्रों से भी आग लगने की सूचनाएं मिलीं। कुछ स्थानों पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग बुझा ली, जबकि कई जगह दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
कार में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित निकाला
अग्निशमन विभाग की टीमों ने आग बुझाने के साथ-साथ राहत और बचाव कार्य भी किया। कैंट थाना क्षेत्र के कोयला घाट में एक कार पलटने से तीन लोग उसमें फंस गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके अलावा कल्याणपुर के सिलेंडर चौराहे के पास और घाटमपुर के तरगांव में नाले में गिरी गायों को भी दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
11 अग्निशमन केंद्रों की टीमें 24 घंटे रहीं मुस्तैद
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के मुताबिक, दीपावली पर आग लगने की आशंका को देखते हुए जिले के सभी 11 अग्निशमन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें लगातार अलर्ट पर रहीं।
उन्होंने बताया कि 24 घंटे के दौरान कुल 31 अग्निकांड की सूचनाएं प्राप्त हुईं। प्रत्येक स्थान पर दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।
दीपावली के दौरान आग की इन घटनाओं ने एक बार फिर त्योहारों पर अग्नि सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया।
News Wani
