Breaking News

कानपुर में संपत्ति विवाद ने लिया खौफनाक रूप, छोटे भाई पर बड़े भाई की हत्या का आरोप; आरोपी की पत्नी, बेटी हिरासत में

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मकान के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद एक गंभीर वारदात में बदल गया। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर में छोटे भाई पर अपने बड़े भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी की पत्नी और नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, संजय गांधी नगर निवासी 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगड़ू अपने छोटे भाई प्रियम सिंह के परिवार के साथ रह रहे थे। परिवार में मकान के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार देर रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान आनंद सिंह की हत्या कर दी गई। इसके बाद उनके शव को पास के एक खाली प्लाट में छोड़ दिया गया। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने प्लाट में शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी और एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाके में जांच की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुका था मृतक

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक आनंद सिंह वर्ष 2007 में एक हत्या के मामले में जेल गया था और वर्ष 2022 में जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के परिवार के साथ रहने लगा था। शुरुआती जांच में मकान के बंटवारे का विवाद घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

पुलिस ने आरोपी प्रियम सिंह की पत्नी रानी और उसकी 15 वर्षीय बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

ओम जन सेवा संस्थान द्वारा शिव पार्वती सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन: हल्दी-मेहंदी एवं संगीत कार्यक्रम में दिखा भव्य और दिव्य नजारा

कानपुर। ओम जन सेवा संस्थान के तत्वावधान में राम अवतार महाना सामुदायिक केंद्र, जेके कॉलोनी, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *