कानपुर। न्यूज़ वाणी संवाददाता। बेटियों के सम्मान और सामाजिक एकता की भावना को आगे बढ़ाते हुए कानपुर के जाजमऊ स्थित जेके कॉलोनी वेलफेयर सेंटर में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 11 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब 11 दूल्हे एक साथ घोड़ियों पर सवार होकर बैंड-बाजे के साथ बारात लेकर निकले। पंचवटी लॉन, ग्रेटर कैलाश से शुरू हुई बारात जेके कॉलोनी वेलफेयर सेंटर पहुंची। बारात में शामिल दूल्हों का उत्साह और साज-सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। विवाह स्थल पर पहुंचने पर वर पक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
इसके बाद सभी 11 जोड़ों की जयमाल की रस्म संपन्न हुई। अलग-अलग मंडपों में पंडित रविशंकर शुक्ल उर्फ लल्लू पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कराईं। वर-वधू ने सात फेरे लेकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान परिजनों और अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और करण महाना ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। मुख्य अतिथि के रूप में बाबा सिद्धनाथ की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। सभी अतिथियों ने जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करने की इस पहल की सराहना की।
संस्थान की अध्यक्ष शिवदेवी अग्रहरि (सीमा) ने कहा कि 11 बेटियों का विवाह संपन्न कराना उनके लिए खुशी और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि बेटियों के जीवन की नई शुरुआत में सहयोग करना संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और पदाधिकारियों का आभार जताया।
विवाह संपन्न होने के बाद सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामान भेंट किया गया। इसके बाद बेटियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। विदाई के समय परिजनों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर पार्षद एवं संस्थान के संरक्षक कैलाश पांडेय, अध्यक्ष शिवदेवी अग्रहरि (सीमा), सचिव शैलेन्द्र गुप्ता, शैलेश बाजपेई, मनोज शर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, कृष्ण मुरारी अवस्थी, गौरव पांडेय, अभिषेक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एंकर अनुराग सक्सेना ने किया।
यह आयोजन जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने, बेटियों के सम्मान और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।
News Wani
