बांदा। न्यूज़ वाणी ब्यूरो। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बांदा में एक नवंबर से यातायात सुरक्षा जागरूकता माह नवंबर-2026 की शुरुआत की गई। महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
इस अभियान के तहत पूरे नवंबर माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की जाएगी। इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने और गलत लेन में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर इंटर कॉलेज, सेंट जॉर्ज इंटर कॉलेज और पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली में सहभागिता की। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देने वाले पंपलेट वितरित किए और सभी से नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकान्त त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
