Breaking News

तुषार कपूर को 5 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी, पुलिस जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के लिए धमकी भरा फोन कॉल आने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताकर अभिनेता को डराने की कोशिश की। हालांकि, मुंबई पुलिस की तकनीकी जांच में धमकी देने वाले व्यक्ति की आवाज हैरी बॉक्सर से मेल नहीं खाई। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर फर्जी धमकी दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषार कपूर ने धमकी भरे कॉल की जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की और उसकी तुलना हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से की।

जांच में दोनों आवाजों के बीच समानता नहीं मिली। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि फिरौती मांगने के लिए किसी ने हैरी बॉक्सर का नाम और गैंग की पहचान का गलत इस्तेमाल किया है। फिलहाल पुलिस धमकी भरी रिकॉर्डिंग भेजने और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

फिल्मी हस्तियों को धमकियां देने के आरोपों में चर्चा में रहा है गैंग

लॉरेंस गैंग का नाम इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई चर्चित लोगों को धमकियां मिलने के मामलों में सामने आ चुका है। अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने की खबरें भी सामने आई थीं।

इसके अलावा फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना और पंजाबी गायक गुरु रंधावा को धमकी मिलने के मामलों में भी हैरी बॉक्सर का नाम चर्चा में रहा है। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।

‘गोलमाल’ फिल्मों से मिली तुषार कपूर को खास पहचान

तुषार कपूर ने वर्ष 2001 में फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। पहली ही फिल्म से उन्हें पहचान मिली और बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी में लकी के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच खास लोकप्रियता दिलाई। ‘क्या कूल हैं हम’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’ और ‘शोर इन द सिटी’ उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं।

तुषार कपूर अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर फिल्म और टेलीविजन जगत की जानी-मानी निर्माता हैं। फिल्मों के अलावा तुषार वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं। अब वह एक बार फिर ‘गोलमाल 5’ में अपने लोकप्रिय किरदार लकी के रूप में नजर आने वाले हैं।

फिलहाल 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और धमकी देने वाले की पहचान का इंतजार किया जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

ऐश्वर्या राय का 53वां जन्मदिन: मिस वर्ल्ड से ग्लोबल स्टार बनने तक का सफर, हॉलीवुड के बड़े ऑफर भी ठुकराए

मुंबई। बॉलीवुड की खूबसूरत और प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार ऐश्वर्या राय बच्चन आज अपना 53वां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *