Breaking News

अमिताभ बच्चन का मीडिया पर तीखा हमला, बोले- मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश करना बंद करें

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने मीडिया की खबरों और सुर्खियों में उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर मीडिया की कार्यशैली पर सवाल उठाए। अमिताभ का आरोप है कि उनके धार्मिक भाव से लिखे गए शब्दों को गलत अर्थ देकर इस तरह प्रकाशित किया गया, जैसे वह अपने विरोधियों को धमकी दे रहे हों।

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पारंपरिक भक्ति पंक्ति ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस पंक्ति को प्रार्थना और श्रद्धा के भाव से लिखा गया था, लेकिन कुछ मीडिया संस्थानों ने इसका अर्थ बदलकर विरोधियों को चुनौती देने वाली खबर बना दी।

बिग बी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मीडिया उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है। उन्होंने अपने 5 करोड़ से अधिक सोशल मीडिया फॉलोअर्स का जिक्र करते हुए कहा कि उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद हैं और उनके एक इशारे पर प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार हो सकते हैं। उन्होंने मीडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके शब्दों की गलत व्याख्या करके उनकी छवि खराब करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

30 अक्टूबर की खबर पर जताई आपत्ति

अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में एक समाचार वेबसाइट पर 30 अक्टूबर को प्रकाशित खबर का भी उल्लेख किया। उन्होंने उस खबर की हेडलाइन पर आपत्ति जताई, जिसमें उनकी धार्मिक पंक्ति को विरोधियों की धमकी के जवाब में दिया गया तंज बताया गया था। बिग बी ने इसे धर्म और भावनाओं का निरादर बताते हुए मीडिया की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े किए।

उन्होंने कहा कि यदि उनसे कोई गलती होती है तो वह तुरंत माफी मांगने और उसमें सुधार करने का प्रयास करते हैं, लेकिन मीडिया संस्थानों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने अपनी निजी पीड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि हर बात सार्वजनिक करने योग्य नहीं होती।

29 अक्टूबर को ब्लॉग में लिखी थी धार्मिक पंक्ति

दरअसल, अमिताभ बच्चन ने 29 अक्टूबर को अपने आधिकारिक ब्लॉग पर हाथी-घोड़ा पालकी वाली पंक्ति लिखी थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया की संभावित हेडलाइन को लेकर भी टिप्पणी की थी। उनका कहना था कि मीडिया उनके लिखे शब्दों को किस तरह प्रस्तुत करेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

सुरक्षा के बीच प्रशंसकों से मिलने पहुंचे थे बिग बी

रविवार को अमिताभ बच्चन अपने नियमित कार्यक्रम के तहत मुंबई स्थित अपने आवास जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे। हाल ही में उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबरों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस दौरान वह बुलेटप्रूफ कांच की सुरक्षा के बीच प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पीछे मौजूद थे।

जलसा के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है और बैरिकेडिंग के जरिए भीड़ पर नजर रखी जा रही है।

डॉक्टरों ने दी थी आराम करने की सलाह

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग के माध्यम से बताया था कि उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं है और डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने अपने शरीर को स्वस्थ होने के लिए समय देने की बात भी कही थी। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद उन्होंने रविवार को प्रशंसकों से मिलने की अपनी पुरानी परंपरा जारी रखी।

About NW-Editor

Check Also

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, 57 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

मुंबई। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *