Breaking News

हथकड़ी की रस्सी खोलकर थाने से फरार हुआ नाबालिग को भगाने का आरोपी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

बांदा। न्यूज़ वाणी। बांदा जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में गिरफ्तार मलखान यादव पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग निकला। आरोपी के हथकड़ी सहित फरार होने की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

न्यायालय में पेशी से पहले पुलिस को दिया चकमा

जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी मलखान यादव करीब एक महीने पहले एक किशोरी को लेकर फरार हो गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद बिसंडा थाना पुलिस ने आरोपी और किशोरी को बरामद कर लिया था। इसके बाद किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाना था।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात आरोपी को बिसंडा थाने में हथकड़ी लगाकर निगरानी में रखा गया था। इसी दौरान उसने हथकड़ी में लगी रस्सी खोल ली और पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की जा रही है।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई

इस मामले में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने को गंभीरता से लिया गया है। सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों की लापरवाही की जांच की जा रही है।

बिसंडा थाने में दर्ज है मुकदमा

मलखान यादव के खिलाफ बिसंडा थाने में मुकदमा संख्या 172/26 दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

बनासकांठा में किसानों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, बोले- यहां के किसान आलू से बना रहे सोना; चारपाई पर बैठकर लोगों ने सुनी जनसभा

बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के दौरे पर पहुंचे। यहां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *