न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा।
सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजा की तैयारियां कीं और विधि-विधान से करवा माता की कथा सुनी। शाम को शुभ मुहूर्त में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-शांति और पति की दीर्घायु की कामना की।
देर शाम करीब 8 बजकर 10 मिनट पर चंद्रमा के दर्शन होने के बाद व्रत खोलने का सिलसिला शुरू हुआ। महिलाओं ने परंपरा के अनुसार छलनी से पहले चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखा। इसके बाद पति के हाथों से जल ग्रहण कर दिनभर रखे निर्जला व्रत का पारण किया।
करवा चौथ के मद्देनजर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। शहर के चौक बाजार, कालू कुआं और महेश्वरी देवी चौक समेत प्रमुख बाजारों में मेहंदी, साड़ी, श्रृंगार सामग्री, करवा और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। महिलाओं ने पर्व के लिए जमकर खरीदारी की।
विशेष रूप से नवविवाहित महिलाओं में करवा चौथ को लेकर काफी उत्साह रहा। पहली बार व्रत रखने वाली महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ इस पर्व की परंपराओं को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाया। पूरे जनपद में प्रेम, विश्वास और दांपत्य जीवन की खुशहाली का संदेश देने वाला यह पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
News Wani
