बाँदा। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित एमओओसी (मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज) सेंटर का शुभारंभ कुलपति प्रो. डॉ. एस.वी.एस. राजू ने किया। इस केंद्र के शुरू होने से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। साथ ही कृषि अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. एस.वी.एस. राजू ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्टता को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों से इस केंद्र का अधिकतम उपयोग करने और अपने विषयों से संबंधित गुणवत्तापूर्ण वीडियो व्याख्यान एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री तैयार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों के साथ डिजिटल तकनीक का समन्वय स्थापित कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे विश्वविद्यालय की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी।
विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों और विभागों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित इस केंद्र में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां वीडियो व्याख्यान रिकॉर्डिंग, टेलीप्रॉम्प्टर की सहायता से प्रस्तुति, उच्च गुणवत्ता वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो संपादन और डिजिटल शिक्षण सामग्री तैयार करने की सुविधा उपलब्ध है।
इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन के लिए बेहतर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय में होने वाले कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों और वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी किसानों, कृषि प्रसार कार्यकर्ताओं तथा अन्य संबंधित लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाई जा सकेगी।
कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.के. सिंह, सस्य विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. ए.के. चौबे, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनिकेत कल्हापुरे सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में परास्नातक एवं पीएचडी शोधार्थियों ने भी सहभागिता की।
News Wani
