बांदा। जनपद के नरैनी क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की घटना के 26 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी है। ट्रैक्टर बरामद नहीं होने से पीड़ित परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर ट्रैक्टर की जल्द बरामदगी कराने की मांग की है।
पनगरा निवासी 40 वर्षीय द्वारिका के मुताबिक, बीती 3 अक्टूबर की रात त्रिपाठी मैरिज हाल से उसका स्वराज 735 न्यू मॉडल ट्रैक्टर चोरी हो गया था। घटना की जानकारी 4 अक्टूबर को पुलिस को दी गई, जिसके बाद एफआईआर संख्या 0273 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बावजूद काफी समय बीतने के बाद भी ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चल सका है।
पीड़ित ने बताया कि ट्रैक्टर संख्या UP90AJ1956 ही उसके परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। वह खेती-किसानी और अन्य कृषि कार्यों के जरिए परिवार का भरण-पोषण करता था। ट्रैक्टर चोरी होने के बाद उसकी आमदनी का साधन बंद हो गया है, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
द्वारिका के अनुसार, घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन फुटेज में बीच में पेड़ आ जाने के कारण संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दे सके। पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
ट्रैक्टर की तलाश और न्याय की उम्मीद लेकर पीड़ित पुलिस अधीक्षक से भी मिला, लेकिन उसका कहना है कि अभी तक उसे केवल आश्वासन ही मिला है। लगातार इंतजार और आर्थिक परेशानी के चलते पीड़ित परिवार बेहद चिंतित है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की जाए। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में ट्रैक्टर की तलाश कराई जाए और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों का पता लगाकर ट्रैक्टर जल्द बरामद किया जाए।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन पीड़ित की शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है और परिवार को उसका आजीविका का एकमात्र सहारा वापस मिल पाता है।
News Wani
