न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। साथ ही परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम रहें। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
नौ केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा
जनपद में पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर को दो पालियों में कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
News Wani
