न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। नरैनी रोड स्थित हिरा मॉडल स्कूल एवं हिरा इस्लामिया इंटर कॉलेज में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके जीवन, व्यक्तित्व, देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता में दिए गए योगदान के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मरयम खान ने किया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वह स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। उन्होंने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासनिक सेवाओं को देश का स्टील फ्रेम कहने वाले सरदार पटेल के सम्मान में गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया गया है।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे संस्कार, चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के साथ ही समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता, हिंदी भाषण प्रतियोगिता और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक, गणमान्य नागरिक और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इनमें सालेहा खान, सना खान सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राहुल रावत ने किया। अंत में चांद सर और अशोक सर ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
News Wani
