बांदा। न्यूज़ वाणी ब्यूरो। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने बकाया एरियर भुगतान और नियमितीकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा। रविवार, 1 नवंबर 2026 को अनुदेशकों ने बांदा के अंबेडकर पार्क में क्रमिक अनशन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन कर उन्हें नियमित शिक्षकों के समान वेतन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
अनुदेशक शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पिछले 14 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें उनके विधिक एवं मौलिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर अनुदेशक लंबे समय से शासन-प्रशासन से लेकर न्यायालय तक संघर्ष कर रहे हैं। उनका दावा है कि सर्वोच्च न्यायालय ने 4 फरवरी 2026 को 46 पृष्ठों का फैसला सुनाते हुए अनुदेशकों को नियमित शिक्षकों के समान वेतन और अन्य सुविधाएं देने के साथ बकाया एरियर का भुगतान करने का आदेश दिया था।
अनुदेशकों के मुताबिक, सरकार की ओर से दायर रिव्यू पिटिशन भी सर्वोच्च न्यायालय खारिज कर चुका है। इसके बावजूद अब तक प्रदेश सरकार ने आदेश के अनुपालन में कोई प्रभावी निर्णय या शासनादेश जारी नहीं किया है। संगठन का आरोप है कि कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों से अनुरोध करने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शिक्षकों ने कहा कि वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अपने ही अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संवैधानिक विचारों के अनुरूप शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की बात कही।
रविवार को अंबेडकर पार्क में दोपहर करीब 12:30 बजे अनशन शुरू हुआ। लगभग तीन बजे एलआईयू के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी राजबहादुर को ज्ञापन सौंपा गया। अनुदेशकों ने मांग की कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन कराया जाए और सभी पात्र अनुदेशकों को बकाया एरियर, नियमितीकरण तथा शिक्षकों के समान वेतन एवं सुविधाओं का लाभ दिया जाए।
अनशन में जिलाध्यक्ष चंद्रसेन सिंह, महामंत्री संतोष यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, उपाध्यक्ष शशिकांत वर्मा, संगठन मंत्री बालकिशन, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, शिवधीर सोनी, अशोक कुमार साहू, महेश श्रीवास, महेश कुमार, राधेश्याम यादव, जुल्फिकार अहमद, रिजवान अहमद, रमाकांत यादव, शिवदास यादव और ओम नारायण दीक्षित सहित कई अनुदेशक मौजूद रहे।
महिला विंग की जिलाध्यक्ष ज्योति वर्मा, उपाध्यक्ष सुनैना राजपूत, संगठन सचिव क्रांति साहू, संगठन मंत्री प्रतिभा शिवहरे, नीलम सिंह, रानू सिंह, संगीता देवी, रंजना कुमारी, नीता कुमारी और नंदिनी सिंह सहित अन्य महिला अनुदेशकों ने भी अनशन में भाग लेकर मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
News Wani
