न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। अखिल विश्व गायत्री परिवार बांदा की ओर से वर्ष 2027 में प्रस्तावित विशाल युवा सम्मेलन के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को गायत्री मंदिर अलीगंज, बांदा में योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधि राजेंद्र द्विवेदी एवं बृजेश त्रिपाठी की उपस्थिति में मां गायत्री, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी के ध्यान, दीप प्रज्ज्वलन तथा गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
इस अवसर पर राजेंद्र द्विवेदी ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए साधना, साधन और समय का समुचित उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समर्पण और सामूहिक सहयोग के साथ युवा सम्मेलन की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में रामप्रकाश खरे (रामू) को युवा कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया। आयोजन समिति में राम-जानकी शुक्ला, रवि दोसर, नवीन निगम, रमेश सिंह पटेल, गया प्रसाद सिंह, डॉ. आरपी गुप्ता, आरपी तिवारी, मनीष कुमार गुप्ता, अनीता सिंह, सरोज सिंह और रामचंद्र गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई।
वहीं वित्त समिति में सुरेश खरे, रविकेश शुक्ला, चंद्रप्रकाश गुप्ता और रविशंकर दोसर को शामिल किया गया। मीडिया समिति का दायित्व अरुण निगम, पंकज बागवान, राकेश कुमार सोनी, नीरज निगम, प्रकाश गुप्ता और प्रखर भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ताओं को सौंपा गया।
बैठक में पूर्व क्रीड़ाधिकारी सबल सिंह और दीनदयाल सोनी ‘स्वर्ण’ सहित गायत्री परिवार के सैकड़ों साधक, मातृशक्ति एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने युवा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन से सहयोग करने और समय देने का संकल्प लिया। अंत में शांति पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।
News Wani
