Breaking News

इंदौर में धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ का शानदार शो, बोले- हिन्दोस्तान किसी के बाप का नहीं; विवादित गानों पर भी झूमे फैंस

इंदौर। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का इंदौर में आयोजित कॉन्सर्ट कई वजहों से चर्चा में रहा। कार्यक्रम से पहले बम विस्फोट की धमकियां मिलने और कुछ गानों को लेकर उठे विवाद के बावजूद रविवार को उनका शो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान दिलजीत ने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़कर ऐसा संदेश दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान दिलजीत दोसांझ ने कहा, “सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।” उनके इस बयान पर दर्शकों ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंदौर आने और कार्यक्रम आयोजित करने में कई तरह की बाधाएं खड़ी करने की कोशिश की गई, लेकिन महाकाल की धरती पर आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता।

कॉन्सर्ट से पहले मिले थे धमकी भरे ई-मेल

कार्यक्रम से पहले इंदौर के अलग-अलग संस्थानों को करीब नौ धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इनमें कॉन्सर्ट के दौरान विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कार्यक्रम स्थल पर बम निरोधक दस्ते की तैनाती के साथ ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई।

चार गानों को लेकर हुआ था विवाद

दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले उनके चार गानों ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ को लेकर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी। इन गानों को कार्यक्रम में नहीं गाने की सलाह दी गई थी। हालांकि, दिलजीत ने इनमें से तीन गाने अपने शो में प्रस्तुत किए। इसके अलावा उन्होंने ‘खुदा गवाह’, ‘सांसों की माला’ और ‘किन्नी किन्नी’ जैसे लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया। रात करीब 10 बजे अंतिम प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।

टिकट बिक्री से करोड़ों रुपये जुटने का दावा

इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। BookMyShow के आंकड़ों के मुताबिक, कार्यक्रम में सात करोड़ रुपये से अधिक के टिकट बिकने का दावा किया गया। टिकटों की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये थी, जबकि सबसे महंगी GOAT टेबल की कीमत आठ लाख रुपये और Born To Shine टेबल की कीमत पांच लाख रुपये बताई गई। आयोजन से नगर निगम को भी 60 लाख रुपये से अधिक टैक्स मिलने की जानकारी सामने आई।

अहमदाबाद के अगले शो पर भी विवाद

इंदौर के बाद दिलजीत दोसांझ का अगला कॉन्सर्ट 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तावित है। हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर भी विवाद सामने आया है। जिला बाल संरक्षण इकाई ने बच्चों की एंट्री और गानों की सामग्री पर चिंता जताते हुए पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। इकाई ने कार्यक्रम में कुछ प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह मामला चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की ओर से दिए गए आवेदन के बाद सामने आया है।

About NW-Editor

Check Also

शुरू होने से पहले ही धंसा भारतमाला परियोजना का ब्रिज, 10mm सरिए और 4 इंच कॉन्क्रीट से बनी स्लैब; ठेकेदार पर मिट्टी डालकर मामला छिपाने का आरोप।

खंडवा : इंदौर से एदलाबाद तक बन रहे नेशनल हाईवे (भारतमाला परियोजना) पर खरगोन जिले के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *