Breaking News

NEET परीक्षा देकर निकली छात्रा लापता, नर्मदा में मिला शव; परीक्षा केंद्र से निकलने के बाद नहीं लौटी घर

इंदौर। NEET परीक्षा की तैयारी कर रही इंदौर की एक छात्रा का शव खरगोन जिले में नर्मदा नदी से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। लसूड़िया क्षेत्र के तलावली चांदा की रहने वाली 18 वर्षीय निक्की यादव रविवार को परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। सोमवार को उसका शव खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार निक्की यादव रविवार को NEET-UG परीक्षा देने गई थी। उसका परीक्षा केंद्र मऊ में निर्धारित था। परीक्षा समाप्त होने के बाद देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन भंवरकुआं थाना पहुंचे और उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल छात्रा की तलाश शुरू की।

इसी दौरान सोमवार दोपहर भंवरकुआं थाने को खरगोन जिले के करही थाना पुलिस से सूचना मिली कि नर्मदा नदी में एक युवती का शव मिला है। शव के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर युवती की पहचान निक्की यादव के रूप में हुई। इसके बाद भंवरकुआं पुलिस परिजनों को लेकर खरगोन पहुंची, जहां उन्होंने शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार निक्की पढ़ाई में काफी होनहार थी और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थी। रविवार को उसका छोटा भाई शिवम उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद निक्की ने किसी अन्य छात्रा के मोबाइल फोन से अपनी मां को कॉल कर बताया था कि उसका मोबाइल बंद हो गया है और वह जल्द घर पहुंच जाएगी।

इसके बाद परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। सोमवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों ने लसूड़िया थाना पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मदद मांगने पर उन्हें काफी देर तक इंतजार कराया गया और समय पर सहयोग नहीं मिला। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस छात्रा के परीक्षा केंद्र से लेकर उसके अंतिम लोकेशन तक की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्रा किन परिस्थितियों में नर्मदा नदी तक पहुंची।

About NW-Editor

Check Also

“खौफनाक प्लान का पर्दाफाश: 25 कॉल रिकॉर्डिंग ने खोल दी पूरी कहानी”

कॉल रिकॉर्डिंग में सामने आया कि आरोपी बच्चों को फेंकने की साजिश रच रहे थे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *