अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर अयोध्या में संतों, महंतों और स्थानीय लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कारसेवकपुरम पहुंचकर संत-महंतों के साथ बैठकर भोजन किया और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से भी मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर राम मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित किया और विधि-विधान से आरती कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन किया और रामलला के सामने दंडवत प्रणाम कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
निषाद बस्ती में घर-घर पहुंचकर बांटे उपहार
अयोध्या में दीपोत्सव की भव्यता के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निषाद बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय परिवारों से मुलाकात की और घर-घर जाकर फल, मिठाइयां तथा अन्य उपहार वितरित किए। बच्चों को भी उपहार देकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इस दौरान उन्होंने सफाईकर्मियों से मुलाकात कर दीपोत्सव के सफल आयोजन में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनके साथ सेल्फी भी ली और कहा कि अयोध्या को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाईकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अयोध्या की गरिमा और विकास बनाए रखने का संकल्प
दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और गौरव को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि अयोध्या के वैभव को नुकसान पहुंचाने और उसकी छवि खराब करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में अब श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों और परिक्रमा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि रामभक्तों की आस्था और धार्मिक परंपराओं का सम्मान होना चाहिए।
सफाईकर्मियों की मेहनत को बताया सराहनीय
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के आयोजन के बाद अयोध्या की स्वच्छता व्यवस्था की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव में 30 लाख से अधिक दीपक प्रज्वलित किए गए और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। इसके बावजूद घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रही।
उन्होंने सफाईकर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि किसी भी शहर की पहचान उसकी स्वच्छता और व्यवस्था से होती है। यदि शहर साफ-सुथरा रहेगा तो बाहर से आने वाले लोग भी उसकी सराहना करेंगे।
गौशाला पहुंचकर गायों को खिलाया गुड़
अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कारसेवकपुरम स्थित गौशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया और गोसेवा की। संतों के साथ भोजन के दौरान उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया तथा खीर भी चखी।
अयोध्या में धार्मिक स्थलों के दर्शन, संतों से मुलाकात, जरूरतमंद परिवारों को उपहार वितरण और सफाईकर्मियों के सम्मान जैसे कार्यक्रमों के जरिए मुख्यमंत्री ने दीपावली की खुशियां साझा कीं। अयोध्या प्रवास के बाद उनका गोरखपुर जाने का कार्यक्रम रहा, जहां वह वनटांगिया समुदाय के परिवारों के साथ दीपावली मनाने पहुंचने वाले हैं।
News Wani
