न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने बकाया एरियर भुगतान और नियमितीकरण की मांग को लेकर रविवार को बांदा के अंबेडकर पार्क में दसवां क्रमिक अनशन किया। अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने और लंबे समय से न्यायोचित अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया। अनशन के बाद संगठन की ओर से प्रशासनिक अधिकारी राजबहादुर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की अपील की गई।
अनुदेशक शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पिछले 14 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित शिक्षकों के समान वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इस मामले को लेकर संगठन लगातार शासन-प्रशासन और न्यायालयों में अपनी मांग उठाता रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, अनुदेशकों से जुड़े मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने 4 फरवरी 2026 को 46 पृष्ठों का फैसला सुनाया था। इसमें अनुदेशकों के वेतन, बकाया एरियर और अन्य सुविधाओं से संबंधित निर्देश दिए गए थे। उनका आरोप है कि सरकार की ओर से अब तक इस फैसले के अनुपालन में आवश्यक शासनादेश जारी नहीं किया गया है। संगठन का यह भी कहना है कि सरकार की पुनर्विचार याचिका खारिज होने के बावजूद आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है।
अनुदेशक शिक्षकों ने कहा कि वे लंबे समय से ज्ञापन, पैरवी और शांतिपूर्ण आंदोलनों के माध्यम से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संवैधानिक मूल्यों को अपनाते हुए आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
रविवार 15 नवंबर को अंबेडकर पार्क में दोपहर करीब 12:30 बजे क्रमिक अनशन शुरू हुआ। लगभग तीन बजे प्रशासनिक अधिकारी राजबहादुर को ज्ञापन सौंपकर अनशन संपन्न किया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्र सेन सिंह, संयोजक आनंद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, उपाध्यक्ष शशिकांत वर्मा, सुधीर साहू, संगठन मंत्री बालकिशन, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, रमाकांत यादव, विवेक यादव, तिलक चंद्र, जितेंद्र यादव और विमल कुमार सहित कई अनुदेशक मौजूद रहे।
महिला विंग से वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनैना राजपूत, संगठन मंत्री कल्पना साहू, हीरा देवी, प्रियंका कुमारी, संगीता सिंह, नीता कुमारी और सीमा देवी सहित अन्य महिला अनुदेशकों ने भी अनशन में भागीदारी की।
News Wani
