न्यूज़ वाणी ब्यूरो बाँदा। समाज सेवा और मानवता की भावना को आगे बढ़ाते हुए रविवार को बांदा के कहला गांव में एक विशेष सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 350 जरूरतमंद ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को कपड़े, साड़ियां, किताबें, खिलौने, पर्स, जूते-चप्पल, बैग सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जरूरत का सामान पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
यह सेवा अभियान पिछले आठ वर्षों से प्रत्येक रविवार जरूरतमंदों की सहायता करने वाले सामाजिक संगठन के प्रयासों के तहत आयोजित किया गया। अभियान में बांदा शहर के जागरूक नागरिकों ने दान के रूप में कपड़े और अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई, जिन्हें जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम संरक्षक शेख सादी जमा एवं सह संरक्षक चन्द्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में आयोजित हुआ। कार्यालय प्रभारी मोहम्मद सलीम की अध्यक्षता तथा मोहम्मद शमीम के नेतृत्व में अभियान संपन्न कराया गया। ग्राम प्रधान जगदीश पाल के निर्देशन में ग्राम माधोपुर, थाना गिरवां, ब्लॉक महुआ, तहसील नरैनी क्षेत्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान संगठन के शाखा प्रमुख इरफान खान ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात नियमों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को दैनिक जीवन में साफ-सफाई अपनाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उप शाखा प्रमुख मर्दन नाका निहाल खान ने सभी दानदाताओं, सहयोगियों और ग्रामवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना और उनके जीवन में खुशियां लाना ही समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।
इस अवसर पर अध्यक्ष रिजवान अली, उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम, शाखा प्रमुख इरफान खान, जगदीश श्रीवास, उप शाखा प्रमुख निहाल खान, सदस्य मोहम्मद यूनुस सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य समाजसेवी मौजूद रहे।
News Wani
