न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और अपने गांव के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अस्तित्व फाउंडेशन की ओर से केदारनाथ महाविद्यालय कमासिन में निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘मेरा गांव मेरी जिम्मेदारी’ रखा गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में अस्तित्व फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक नीरज, सह संस्थापक डॉ. हेमंत कुमार यादव, महाविद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार पांडेय तथा अतर्रा से आए एडवोकेट शिवकुमार राय मौजूद रहे। इसके अलावा संस्था के सदस्य लवलेश, शुभम, अजय और सुमित ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रतियोगिता के परिणामों में भाषण प्रतियोगिता में शिवानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में महिमा प्रथम और दिव्यांशी द्वितीय स्थान पर रहीं। श्रेया को लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान मिला, जबकि शिवांजलि ने दोनों प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा रामू, निरंजन, अंजना, जानवी, महक, केता, शुभी और रुचि सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रतिभा का सराहनीय प्रदर्शन किया। आयोजकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और अपने गांव के विकास के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करती हैं।
News Wani
