मुंबई। निर्देशक सूरज बड़जात्या की आगामी पारिवारिक फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर बुधवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी पहली बार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। आयुष्मान इस फिल्म में प्रेम मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं, जो अब तक सलमान खान के साथ जुड़ा रहा है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान निर्देशक सूरज बड़जात्या ने बताया कि प्रेम के किरदार के लिए उनकी पहली पसंद आयुष्मान खुराना ही थे। उनके मुताबिक, आयुष्मान की सादगी, संवेदनशीलता और किरदार को समझने का तरीका उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान अपने किरदार को जिस अंदाज में निभाना चाहते थे, उन्होंने उन्हें पूरी स्वतंत्रता दी।
सूरज बड़जात्या ने सलमान खान और आयुष्मान खुराना के बीच समानता बताते हुए कहा कि दोनों कलाकारों को वह अपने तरीके से अभिनय करने की आजादी देते हैं। सलमान के साथ भी उनका काम करने का तरीका ऐसा ही रहा है। वह उन्हें कहानी सुनाते हैं और सलमान अपने अंदाज में किरदार को पर्दे पर उतारते हैं।
सलमान खान को बताया असली प्रेम
कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान खुराना से पूछा गया कि सूरज बड़जात्या की फिल्मों में उनका पसंदीदा प्रेम कौन है। इस पर उन्होंने सलमान खान का नाम लेते हुए कहा कि उनसे बेहतर प्रेम कोई नहीं हो सकता। सलमान ही असली प्रेम हैं और दर्शकों के लिए यह किरदार हमेशा प्रेरणादायक रहा है।
आयुष्मान ने कहा कि प्रेम का किरदार निभाना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। यह ऐसा चरित्र है, जो रिश्तों की अहमियत समझता है, दूसरों की भावनाओं की परवाह करता है और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखता है। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए दर्शकों को एक नया प्रेम देखने को मिलेगा।
परिवार और रिश्तों की कहानी है फिल्म
फिल्म की कहानी प्रेम और पूर्वा के इर्द-गिर्द घूमती है। शादी के बाद प्रेम अपनी पत्नी के परिवार के साथ रहने का फैसला करता है, क्योंकि पूर्वा अपने परिवार की जिम्मेदारियों के चलते घर छोड़कर नहीं जा सकती। ऐसे में प्रेम अपने परिवार के साथ पत्नी के घर पहुंच जाता है। फिल्म में इसी फैसले के बाद पैदा होने वाली परिस्थितियों और पारिवारिक रिश्तों को मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है।
फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, गिरीश कुलकर्णी, राजेश कुमार और अशनूर कौर समेत करीब 20 कलाकार नजर आएंगे।
फैमिली एंटरटेनमेंट को लेकर उत्साहित हैं सूरज
सूरज बड़जात्या ने कहा कि हर तरह की फिल्मों की अपनी अलग जगह होती है। दर्शकों को मनोरंजन के साथ ऐसी पारिवारिक फिल्में भी पसंद आती हैं, जिन्हें परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर देख सकें। उनका उद्देश्य केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी कहानी पेश करना है, जो लोगों के दिलों से जुड़ सके।
आयुष्मान खुराना ने फिल्म की तुलना दूसरी फिल्मों से किए जाने पर कहा कि हर कहानी और किरदार की अपनी अलग पहचान होती है। उनके अनुसार, इस फिल्म में प्रेम शुरुआत से ही जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान है, जो अपनी पत्नी और उसके परिवार का साथ देता है।
राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
News Wani
