Breaking News

पीएम मोदी बोले- भारत की अर्थव्यवस्था में आया बड़ा बदलाव, कारोबारियों से ग्लोबल मार्केट में उतरने की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित फिक्की के शताब्दी सम्मेलन में देश की आर्थिक प्रगति और उद्योग जगत की भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि किसानों और कारोबारियों को निशाना बनाने या उन्हें अपमानित करने से देश का विकास नहीं हो सकता। भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार, उद्योगपतियों और व्यापारियों को मिलकर काम करना होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।

मोदी ने कहा कि भारत के पास 140 करोड़ लोगों का विशाल घरेलू बाजार है, लेकिन उद्योगों को केवल इसी बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ानी होगी।

भारतीय उपभोक्ताओं को भी मिले बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद

प्रधानमंत्री ने कंपनियों की उस कार्यशैली पर सवाल उठाया, जिसमें विदेशों के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जबकि घरेलू बाजार में अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता के सामान उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए।

रिसर्च और नई तकनीक पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को ग्राहकों की जरूरतों और पसंद को समझते हुए ऐसे उत्पाद विकसित करने चाहिए, जो बेहतर गुणवत्ता के साथ उपयोग में भी आसान हों।

कारोबारियों के सुझावों पर सरकार करेगी विचार

मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आर्थिक सुधारों की दिशा में काम कर रही है। उद्योगपतियों और कारोबारियों को अपनी समस्याएं तथा सुझाव बिना किसी संकोच के सरकार के सामने रखने चाहिए। सरकार कारोबार को आसान बनाने और उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार है।

विकसित भारत के लिए अगले दस साल अहम

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश का सामूहिक संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि हमें भविष्य के विकास के लिए लंबा इंतजार करने के बजाय अगले दस वर्षों में देश के लिए अपने योगदान पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने उद्योग जगत से रोजगार सृजन, बेहतर उत्पादों, निर्यात में वृद्धि और नवाचार के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

About NW-Editor

Check Also

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, चांदी ₹8,720 और सोना ₹1,429 टूटा; जानें आज का ताजा भाव

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *