नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा क्षेत्र के लिए विदेशी जासूसी नेटवर्क से ज्यादा खतरा कई बार अंदरूनी लोगों से पैदा होता है। जासूसी करने वाले अब पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ साइबर हमलों और सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं।
दिल्ली में आयोजित ANI की नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में शामिल हुए एयरफोर्स चीफ ने बताया कि विदेशी एजेंसियां भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों और सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल करने के लिए लगातार नए तरीके अपना रही हैं। इसके लिए हनी ट्रैप, सोशल मीडिया पर दोस्ती और प्यार का जाल, मल्टीलेवल मार्केटिंग तथा आर्थिक परेशानियों का फायदा उठाने जैसे तरीके इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि साल 2026 में अब तक हनी ट्रैप के चार मामले सामने आए हैं। इनमें नौसेना के दो जवान, वायुसेना का एक विंग कमांडर और एक पूर्व सैनिक शामिल रहे हैं। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि रक्षा क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
साइबर हमलों के जरिए भी गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश
एयरफोर्स चीफ के मुताबिक, विदेशी जासूसी नेटवर्क अब केवल व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से सूचनाएं जुटाने तक सीमित नहीं हैं। साइबर जासूसी के जरिए भी संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में सैन्य संस्थानों के साथ-साथ उनसे जुड़ी निजी कंपनियों की डिजिटल सुरक्षा भी महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने कहा कि अंदरूनी स्तर पर होने वाली सूचना लीक की घटनाएं सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती हैं। इसलिए रक्षा प्रतिष्ठानों में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
निजी रक्षा कंपनियों की साइबर सुरक्षा पर भी जोर
आशुतोष दीक्षित ने बताया कि साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सरकारी संस्थानों, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रयोगशालाओं और निजी रक्षा कंपनियों के स्तर पर कई कदम उठाए जा रहे हैं।
निजी रक्षा कंपनियों को सुरक्षित नेटवर्क इस्तेमाल करने और भरोसेमंद सॉफ्टवेयर का चयन करने के संबंध में मार्गदर्शन देने के लिए एक एजेंसी भी काम कर रही है। कंपनियों को जारी सुरक्षा सलाह का गंभीरता से पालन करना चाहिए, ताकि साइबर हमलों और संवेदनशील जानकारियों की चोरी के खतरे को कम किया जा सके।
एयरफोर्स चीफ का कहना है कि बदलते तकनीकी दौर में राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए केवल सैन्य ताकत पर्याप्त नहीं है, बल्कि साइबर सुरक्षा, संस्थागत सतर्कता और कर्मचारियों की जागरूकता भी बेहद जरूरी है।
News Wani
