नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दो मंजिला पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस घटना में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे विवेक विहार क्षेत्र में स्थित दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत गिरने से वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मियों ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने मलबे में फंसे 6 से 7 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कुछ अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहा है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मलबे में कंक्रीट की भारी स्लैब और लोहे की छड़ें बिखरी होने के कारण राहत कार्य में सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं इमारत गिरने के हादसे
राजधानी में इस साल इमारतें ढहने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 30 मई को सैदुलाजाब में चार मंजिला व्यावसायिक इमारत गिरने से छह लोगों की मौत हुई थी। 8 जुलाई को रोहिणी सेक्टर-16 में निर्माणाधीन इमारतें ढहने से तीन लोगों की जान चली गई थी।
इसके अलावा 21 अगस्त को करोल बाग के रेगरपुरा में इमारत का हिस्सा गिरने से एक मजदूर की मौत हुई थी। 6 सितंबर को सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने से सात लोगों की जान गई थी, जबकि 7 अक्टूबर को सीमापुरी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से चार लोगों की मौत हुई थी।
विवेक विहार की ताजा घटना ने एक बार फिर राजधानी में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
News Wani
