न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। शहर के रामलीला मैदान में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही पूरा कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के साथ नृत्य कर अपनी खुशियां जाहिर कीं।
कथा व्यास परम पूज्य धर्मगुरु आचार्य पंडित रमाकांत कौशिक जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य को मानसिक शांति मिलती है और उसके भीतर के अहंकार का नाश होता है। उन्होंने कहा कि कलयुग में भागवत कथा का श्रवण जीवन को सद्मार्ग की ओर ले जाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कथावाचक ने बताया कि जब धरती पर अत्याचार और अनाचार बढ़ गया था तथा चारों ओर अधर्म का बोलबाला था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी के आठवें पुत्र के रूप में अवतार लेकर कंस के अत्याचारों का अंत किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का भी भावपूर्ण वर्णन किया।
जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजे नन्हे बालक के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा पंडाल भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भागवत आचार्य का अभिनंदन किया। कथा आयोजन में पंडित श्री मृदुल कृष्ण महाराज, देवी स्नेहा प्रिया कौशिक और देवी श्रद्धा प्रिया सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजक श्रीमती सोनिया गुप्ता, मनभावन गुप्ता, श्रीमती किरण, रवि प्रकाश गुप्ता, सोनू, सिलम, मोनू, शालू, शिवानी, ज्ञानू, ऋषि, सूरज, दिव्यांश, अयांश, प्रिया, श्रेया, राधिका, राशि, श्रुति, रघुवंश आदि उपस्थित रहे।
News Wani
