न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को बांदा में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त अजीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहनों और बाइक रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
मंडलायुक्त अजीत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को स्वयं यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी और सतर्कता से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और जिलाधिकारी अमित आसेरी ने भी लोगों को संबोधित किया। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की अपील की। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हिमांशु गुप्ता, आराध्या और शिवानी सहित कई छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, आरटीओ प्रवर्तन उदयवीर सिंह, आरटीओ प्रशासन सौरभ कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार, एआरटीओ श्यामलाल, एआरटीओ सुधेश तिवारी, यात्रीकर अधिकारी चंदन पांडेय, यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, टीएसआई त्रिलोकी नाथ पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ट्रक यूनियन और बस यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंद्रवीर सिंह ने किया।
30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 30 नवंबर तक जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाराणा प्रताप चौक पर बनाए गए मंच के माध्यम से अलग-अलग शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी प्रतिदिन सांस्कृतिक, शैक्षिक और संदेशपरक प्रस्तुतियां देंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए आमजन को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनाकर समाज में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
News Wani
