मुंबई। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस केट इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को मुंबई में दोनों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। प्रिंस विलियम खुद इलेक्ट्रिक टुक-टुक चलाते नजर आए, जबकि प्रिंसेस केट पीछे की सीट पर बैठी दिखाई दीं। शाही जोड़े का यह अनोखा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
दोनों मुंबई में आयोजित वर्ष 2026 के अर्थशॉट प्राइज कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके इलेक्ट्रिक टुक-टुक पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा हुआ था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद प्रिंसेस केट ने इस सफर को कार्यक्रम में आने का सबसे अच्छा तरीका बताया। दोनों ने बांद्रा-वर्ली सी लिंक प्रोमेनेड पर अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट से मुलाकात की। इसके अलावा, उनके ई-रिक्शा की सवारी करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू किया गया अर्थशॉट प्राइज
प्रिंस विलियम ने करीब छह साल पहले अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और नवाचारों को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत हर साल पांच विजेताओं का चयन किया जाता है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख पाउंड यानी लगभग 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
मुंबई में इस पुरस्कार का छठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस बार का कार्यक्रम अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। भारत के 24 राज्यों के करीब 15 हजार स्कूलों तक इससे जुड़ी गतिविधियां पहुंचाई गई हैं।
पहली बार बच्चों के पर्यावरण संबंधी विचारों को मिलेगा सम्मान
इस वर्ष अर्थशॉट प्राइज के साथ पहली बार चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें 9 से 17 वर्ष तक के बच्चों के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों और प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा। बच्चों को अपने आसपास मौजूद पर्यावरण संबंधी समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
समारोह में कई बड़ी हस्तियां देंगी प्रस्तुति
अर्थशॉट प्राइज की अवॉर्ड नाइट में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रामी मालेक समेत कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। फिल्ममेकर करण जौहर कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटिश बैंड टेक दैट के साथ प्रस्तुति देंगी।
इसके अलावा मुंबई की संगीतकार मर्लिन डी’सूजा के नेतृत्व में अर्थशॉट ऑर्केस्ट्रा और भारत का ऑल-फीमेल हिप-हॉप ग्रुप वाइल्ड वाइल्ड वुमन भी अपनी प्रस्तुतियां देगा।
भारत की पर्यावरणीय पहल को मिलेगा वैश्विक मंच
अर्थशॉट प्राइज के अनुसार, अब तक भारत से सबसे अधिक विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए हैं। इस पुरस्कार के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण, समुद्री संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े प्रभावी समाधानों को प्रोत्साहन दिया जाता है।
इस वर्ष भारतीय कंपनी महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी भी फाइनलिस्ट में शामिल है, जो इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर के निर्माण के क्षेत्र में काम करती है। कार्यक्रम के जरिए भारत में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
18 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे शाही दंपती
मुंबई में कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट 18 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। यहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद उनका भारत दौरा समाप्त हो जाएगा।
भारत और ब्रिटेन के बीच तकनीक, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
News Wani
