न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। शहर के नोनिया मोहाल कटरा निवासी 13 वर्षीय किशोर अनुज चौहान की नदी में डूबने से हुई मौत का मामला अब संदेह के घेरे में आ गया है। परिजनों ने घटना को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, अनुज पुत्र स्वर्गीय राकेश चौहान को 2 नवंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे अशोक लाट के पास देखा गया था। देर रात करीब 10 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 3 नवंबर को पुलिस को किशोर की गुमशुदगी की सूचना दी गई।
अगले दिन 4 नवंबर को नदी में एक शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान अनुज के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है, लेकिन परिजनों ने घटनास्थल और शव की स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
पीड़ित प्रदीप चौहान का कहना है कि अनुज का नदी की ओर आना-जाना नहीं था और जिस स्थान पर उसका शव मिला, वह सुनसान इलाका है। परिजनों ने शव पर चोट और जलने जैसे निशान होने, कपड़े बदले होने तथा अन्य परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है।
परिजनों को आशंका है कि किशोर के साथ किसी प्रकार की मारपीट के बाद उसे नदी में फेंका गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस से अनुज के साथियों समेत संबंधित लोगों से पूछताछ करने और घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। फिलहाल परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले का खुलासा कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
News Wani
