न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न इंदिरा गांधी तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम शहर के इंदिरा नगर स्थित इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने की।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। उनका बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बचपन से ही स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने वानर सेना के गठन से लेकर भारत छोड़ो आंदोलन तक देश की आजादी के संघर्ष में योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और बांग्लादेश के निर्माण जैसे ऐतिहासिक घटनाक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और निर्णयों ने भारतीय राजनीति एवं देश के विकास पर गहरी छाप छोड़ी।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने इंदिरा गांधी पार्क में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्मारकों की नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए। पार्क की बदहाल स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस मौके पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी संकटा प्रसाद त्रिपाठी, मोहम्मद इदरीश, बल्देव वर्मा एडवोकेट, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, जितेंद्र गौरव, हेमंत कुमार वर्मा, बाबूराम यादव, रामरूप सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, बी लाल, संतोष कुमार द्विवेदी, शिवपूजन तिवारी, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, धीरेन्द्र पांडेय, निरंजन बाजपेई, रामाधार सिंह, कृपाशंकर सोनी, दिव्यांश वर्मा, कुलदीप कुमार, रवि कुमार, आरिफ निजामी, लालबाबू राजपूत और सुखदेव गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
