फतेहपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मतदान की प्रक्रिया समझाने के साथ ईवीएम की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपैट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों ने स्वयं ईवीएम पर मतदान का अभ्यास कर पूरी प्रक्रिया को समझा। प्रशासन का उद्देश्य है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता किसी भी प्रकार की असमंजस की स्थिति के बिना अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान जनपद मुख्यालय से लेकर तहसील और ग्राम स्तर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत अधिक से अधिक लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसलिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी जागरूकता कार्यक्रमों को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए चार विशेष तिथियां
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण और नए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर नियमानुसार आवेदन और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी प्राप्त कर आगामी चुनाव में जिम्मेदारी के साथ मतदान करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
