Breaking News

सड़क सुरक्षा को लेकर फतेहपुर पुलिस की पहल, छात्र-छात्राओं को दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ

न्यूज़ वाणी संवाददाता

फतेहपुर। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत फतेहपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के लोधीगंज स्थित मदर सुहाग स्कूल में यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात बृजमोहन राय के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात प्रभारी केसरी यादव और एआरटीओ प्रतीक मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने और वाहन चलाते समय जरूरी सावधानियां बरतने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

यातायात प्रभारी केसरी यादव ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना बेहद जरूरी है। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

एआरटीओ प्रतीक मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पैदल चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भी नियमों का पालन करना चाहिए। बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। साथ ही जागरूकता सामग्री वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।

यातायात पुलिस के अनुसार नवंबर माह में जिले के विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य युवाओं सहित आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर को अपनी आदत बनाएं।

About NW-Editor

Check Also

धाता में सड़क हादसे ने उजाड़ा नवविवाहित का संसार, बाइक सवार युवक की गई जान

फतेहपुर। धाता थाना क्षेत्र के लिहई-चरखी मोड़ पर बुधवार शाम पिकअप और बाइक की आमने-सामने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *