न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बुंदेलखंड के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बांदा जिले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जल जीवन मिशन के तहत संचालित खटान और अमलीकोर समूह पेयजल योजनाओं के माध्यम से जिले के 544 राजस्व गांवों में घरों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। इन परियोजनाओं से 2.10 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को घरेलू जल कनेक्शन का लाभ मिला है।
खटान योजना से 342 गांवों में पहुंच रहा पानी
खटान ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत जिले के 342 राजस्व गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके लिए 158 एमएलडी क्षमता का इंटेक वेल एवं जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया है। साथ ही 116 उच्च जलाशय, 39 सीडब्ल्यूआर और लगभग 4,215 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार किया गया है। इस परियोजना से 1,27,889 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
अमलीकोर परियोजना से 82 हजार से अधिक परिवार लाभान्वित
अमलीकोर ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत 202 राजस्व गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। परियोजना में 106 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र, 80 उच्च जलाशय और 2,582 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण कराया गया है। इसके माध्यम से 82,266 ग्रामीण परिवारों को घरों में नल से पानी मिल रहा है।
पेयजल आपूर्ति में बाधा आने पर तत्काल मरम्मत के निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जिन स्थानों पर तकनीकी खराबी, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने या अन्य कारणों से पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है, वहां मरम्मत और सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि किसी भी गांव में लंबे समय तक पेयजल आपूर्ति बाधित न रहे।
जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता विमल कुमार के अनुसार, ग्रामीण परिवारों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में समस्याओं का जल्द समाधान कराने के साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जा रही है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण परिवारों को घर के नजदीक पेयजल उपलब्ध होने से रोजमर्रा की परेशानियों में कमी आई है।
News Wani
