लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनके निधन की सूचना मिली। पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।
गोरखपुर में जनसभा के दौरान मिली मां के निधन की सूचना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने गृह जनपद गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अपनी मां के निधन की दुखद सूचना मिली। खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन पूरा किया। मां के निधन की जानकारी मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक संवेदनाएं व्यक्त की जाने लगीं।
अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तराखंड पहुंचने और अंतिम दर्शन करने की जानकारी सामने आई है। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के बीच शोक का माहौल है। शनिवार को हरिद्वार में सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी है।
मां से बेहद जुड़ाव रहा योगी आदित्यनाथ का
संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ का पारिवारिक जीवन से जुड़ाव सीमित रहा, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह हमेशा चर्चा में रहा। मई 2022 में वह लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। जून 2024 में भी वह ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती अपनी मां का हालचाल जानने पहुंचे थे।
सावित्री देवी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
News Wani
