बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात युवकों की जान चली गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से बारात में शामिल होने जा रहे चार युवकों और बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों राज्यों के प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के पांच युवक कार से बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ क्षेत्र स्थित विशुनपुरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-319A पर सोनपा गांव के पास पहुंची।
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इसी दौरान कार ने आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
कार में फंसे युवकों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में गाजीपुर और बक्सर के युवक शामिल
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान गाजीपुर जिले के भतौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज अली (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) के रूप में हुई है।
वहीं बाइक सवार गाजीपुर के उतरौली गांव निवासी अरुण कुमार (22) तथा बक्सर निवासी शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) की भी मौत हो गई।
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था अरुण
हादसे में जान गंवाने वाला अरुण कुमार सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। वह एक दिन पहले ही अपने मामा के घर सोनपा गांव आया था। गुरुवार शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से निकला था। इसी दौरान कार की टक्कर से तीनों युवक हादसे का शिकार हो गए।
हादसे के बाद कार चालक की तलाश
जानकारी के अनुसार, कार छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र चला रहा था। हादसे के बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने सात परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शादी समारोह में शामिल होने निकले चार दोस्तों और बाइक सवार तीन युवकों की मौत से गाजीपुर और बक्सर के कई गांवों में शोक की लहर है।
News Wani
