न्यूयॉर्क: अमेरिका की एक अदालत ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोप स्वीकार किए थे। शुक्रवार को सजा सुनाए जाने के दौरान उन्होंने अदालत में पन्नू और सिख समुदाय से माफी भी मांगी।
न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। अदालत में अपनी बात रखते हुए निखिल ने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है और वह बीती घटनाओं को बदल नहीं सकते। उन्होंने अदालत की ओर से सुनाई गई सजा स्वीकार करने की बात भी कही।
अदालत में भावुक हुए निखिल गुप्ता
सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने करीब छह मिनट तक अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का उल्लेख करते हुए कहा कि वह उनके बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।
इसके बाद उन्होंने पन्नू की ओर मुखातिब होकर अपने कृत्य पर अफसोस जताया और माफी मांगी। निखिल ने कहा कि इस मामले के कारण उनके परिवार, पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जेल से बाहर आने के बाद बेहतर इंसान बनने की कोशिश करने की बात कही।
पन्नू ने अदालत में अपनी परेशानी बताई
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा। उसने दावा किया कि हत्या की कथित साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से अधिक समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है। पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। सुनवाई के दौरान उसके समर्थक भी अदालत के बाहर मौजूद रहे।
सजा के बाद अमेरिका से निर्वासन की प्रक्रिया
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। फैसले के अनुसार, सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से निर्वासित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि उन्हें कम सजा मिलने की उम्मीद थी।
2023 में सामने आई थी हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की कथित साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया है।
अमेरिकी अधिकारियों के आरोपों के मुताबिक, विकास यादव के कहने पर निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा समझ रहा था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। आरोप है कि निखिल ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात कही गई थी। इसके अलावा जून 2023 में 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर दिए जाने का भी आरोप है।
विकास यादव अब भी अमेरिकी एजेंसियों की तलाश में
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को इस मामले में आरोपी बनाया था। FBI ने उसकी तलाश के लिए वांटेड नोटिस भी जारी किया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, वह अभी उनकी गिरफ्त से बाहर है।
दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने उसे अपहरण और वसूली से जुड़े एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आ गया था। भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि विकास यादव अब सरकारी सेवा में नहीं है।
भारतीय अधिकारियों को समन भेजे जाने का मामला भी चर्चा में
इस मामले से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में न्यूयॉर्क की अदालत ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन जारी किए हैं। यह कार्रवाई पन्नू की ओर से अमेरिका में दायर सिविल मुकदमे के सिलसिले में हुई है।
पन्नू ने अपने मुकदमे में भारतीय अधिकारियों पर उसकी हत्या की कथित साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, भारत सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं करता। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि भारत में न्यायिक दस्तावेजों की तामील निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और संबंधित केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से ही हो सकती है।
News Wani
