न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद के तिन्दवारा गांव में मेडिकल कॉलेज के पास आयोजित 18वें तिन्दवारा महोत्सव में भव्य कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे नामचीन पुरुष एवं महिला पहलवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब उत्साह बढ़ाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम मोहन धुरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का हाथ मिलवाया और कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।
दंगल में दिल्ली, बनारस, झांसी और हरियाणा समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में कई रोमांचक पल देखने को मिले। पहलवानों के बेहतरीन दांव-पेच पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि श्याम मोहन धुरिया ने विजेता पहलवानों को पुरस्कृत कर उनका सम्मान किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को चांदी की गदा और 31 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई। वहीं द्वितीय स्थान हासिल करने वाले पहलवान को शील्ड के साथ 21 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक रामप्रसाद यादव, पहलवान राकेश पहलवान तिन्दवारा, अशोक यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे।
News Wani
