न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल कराने और छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से भाजपा ने मतदाता जोड़ो अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बांदा विधानसभा की बैठक पार्टी जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई।
बैठक के मुख्य अतिथि विधानसभा प्रभारी अवधेश गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता उन लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का प्रयास करें, जो पिछले एसआईआर के दौरान किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सके थे। इसके साथ ही एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का भी पंजीकरण कराया जाए।
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि ऐसे नागरिकों को चिह्नित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। पात्र लोगों से आवश्यक फॉर्म भरवाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारी बूथों पर पहुंचकर घर-घर संपर्क करें और छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म भरवाएं। जिला मतदाता सूची संयोजक उत्तम सक्सेना ने कार्यकर्ताओं से विशेष अभियान के तहत फॉर्म भरवाकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कराने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह, विधानसभा संयोजक दुर्गा प्रसाद चौरसिया, जिला महामंत्री निखिल सक्सेना, पालिकाध्यक्ष मालती बासू, विस्तारक ध्रुव गुप्ता, वंदना गुप्ता, संतू गुप्ता, पंकज रैकवार सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
News Wani
