न्यूज़ वाणी ब्यूरो, तिंदवारी (बांदा)। तिंदवारी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नवागंतुक थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके साथ ही क्षेत्र में अराजक तत्वों, चोरों, उचक्कों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना परिसर में दलालों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। थाने आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और निष्पक्षता के साथ उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नवागंतुक थानाध्यक्ष ने क्षेत्रीय जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता पुलिस का सहयोग करे, जिससे क्षेत्र में अपराध मुक्त और सुरक्षित माहौल स्थापित किया जा सके।
News Wani
