लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास (BBD) विश्वविद्यालय में रविवार, 22 नवंबर को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डिग्रियां और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. अखिलेश दास गुप्ता स्टेडियम में सुबह 11:30 बजे से आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके अभिभावक, शिक्षक और विश्वविद्यालय के अधिकारी शामिल हुए। समारोह के दौरान डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें देश व समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दी गई।
3,751 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके श्रीवास्तव के अनुसार, इस दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 3,751 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें स्नातक स्तर के 2,789 और परास्नातक स्तर के 829 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डेंटल साइंसेज के विद्यार्थियों को भी उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां दी गईं।
डेंटल पाठ्यक्रम के अंतर्गत सत्र 2024-25 के 37 एमडीएस विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जा रही है। वहीं, सत्र 2025-26 के 53 बीडीएस और 40 एमडीएस विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जा रहा है।
50 विद्यार्थियों को मिलेगा गोल्ड मेडल
समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा रहा है। इनमें सत्र 2024-25 के आठ और सत्र 2025-26 के 42 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा बीसीए की छात्रा शांभवी श्रीवास्तव को चांसलर मेडल प्रदान किया जा रहा है।
40 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि
उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले 40 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जा रही है। इनमें वर्ष 2025 के 11 और वर्ष 2026 के 29 शोधार्थी शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक जिम्मेदारियों और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चांसलर, कुलपति, रजिस्ट्रार, फैकल्टी सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए उनके शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और नई जिम्मेदारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
News Wani
