शशि भूषण दूबे कंचनीय / मोहम्मद अमीन शेख, न्यूज़ वाणी, मीरजापुर।
मीरजापुर। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर नगर की आवास विकास कॉलोनी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का लोकार्पण किया।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्र सेविका समिति की पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारिका सुश्री शशि ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बचपन में मनु के नाम से पहचानी जाने वाली लक्ष्मीबाई ने अपने अदम्य साहस, आत्मसम्मान और नेतृत्व क्षमता से इतिहास में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने शस्त्र प्रशिक्षण से लेकर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम तक उनके संघर्ष और योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन देश की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और साहस के साथ समाज तथा देश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने रानी दुर्गावती और रानी अब्बक्का जैसी वीरांगनाओं के योगदान को भी याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता सुश्री शशि, विशिष्ट अतिथि प्रांत व्यवस्था प्रमुख उषा मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, जिला संघचालक शरद, जिला प्रचारक रजत प्रताप और प्रांत कार्यवाहिका माया पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। वहीं सुंदर-मुंदर कॉलेज की छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित आकर्षक नाटिका प्रस्तुत की। सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं ने वीरांगना के त्याग, साहस और देशप्रेम को जीवंत किया।
समारोह की अध्यक्षता के.बी. कॉलेज की प्रोफेसर नम्रता मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिप्रा बरनवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभाग कार्यवाहिका संध्या त्रिपाठी, संयोजिका डॉ. बीना सिंह, सह-संयोजिका रीतू केशरी सहित राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को याद करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
News Wani
