Breaking News

बिना हिजाब गाना गाने पर ईरानी गायिका को 74 कोड़ों की सजा, दो साल तक संगीत गतिविधियों पर प्रतिबंध

तेहरान। ईरान में महिला अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा एक मामला फिर चर्चा में है। गायिका परस्तू अहमदी और उनके साथियों को बिना हिजाब पहने सार्वजनिक रूप से संगीत प्रस्तुति देने के मामले में सजा सुनाई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गायिका समेत उनके साथियों को 74-74 कोड़े मारने की सजा दी गई। इसके अलावा दो साल तक देश छोड़ने और संगीत सहित अन्य कलात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब 29 वर्षीय गायिका परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने एक ऑनलाइन लाइव कॉन्सर्ट किया था। इस कार्यक्रम का वीडियो यूट्यूब पर साझा किया गया था, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में परस्तू पारंपरिक नियमों से अलग पहनावे में चार पुरुष संगीतकारों के साथ प्रस्तुति देती नजर आई थीं।

ऑनलाइन कॉन्सर्ट के बाद कानूनी कार्रवाई

परस्तू अहमदी की इस प्रस्तुति को कई लोगों ने महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी और व्यक्तिगत अधिकारों से जोड़कर देखा। वहीं, ईरानी अधिकारियों ने इसे देश के सार्वजनिक शालीनता और पहनावे से जुड़े नियमों का उल्लंघन माना।

जून 2026 में कुम शहर की आपराधिक अदालत ने इस मामले में फैसला सुनाया था। अदालत ने गायिका पर अश्लील सामग्री प्रकाशित करने और सार्वजनिक शालीनता के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए। इसके बाद उन्हें और उनके साथियों को 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई। साथ ही दो साल तक देश से बाहर जाने और कलात्मक गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश दिया गया।

मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता

इस फैसले को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध सामने आया। मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सजा पर चिंता जताते हुए ईरानी अधिकारियों से कोड़े मारने की सजा लागू नहीं करने की अपील की थी। संगठन ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

ईरान में महिलाओं के लिए सख्त हिजाब कानून

ईरान में 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना कानूनी रूप से अनिवार्य कर दिया गया था। महिलाओं के सार्वजनिक जीवन, पहनावे और सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर कई प्रतिबंध लागू हैं। सार्वजनिक रूप से महिलाओं के अकेले गायन पर भी पाबंदियां हैं।

महसा अमीनी की मौत के बाद तेज हुई थी बहस

ईरान में हिजाब कानूनों को लेकर विवाद वर्ष 2022 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। उस समय 22 वर्षीय महसा अमीनी को कथित तौर पर हिजाब संबंधी नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। हिरासत में लिए जाने के कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद ईरान के कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। महिलाओं ने हिजाब संबंधी अनिवार्य नियमों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर आवाज उठाई थी। सरकार ने प्रदर्शनों पर सख्त कार्रवाई की थी।

परस्तू अहमदी का मामला एक बार फिर ईरान में महिलाओं की स्वतंत्रता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सख्त सामाजिक कानूनों को लेकर अंतरराष्ट्रीय बहस को सामने ले आया है।

About NW-Editor

Check Also

बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, 16 दिसंबर को वापसी की जताई इच्छा

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *